केंद्रीय कृषि मंत्री की अगुवाई में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-खरीफ अभियान 2025 का सफल आयोजन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह की अगुवाई में आज नई दिल्ली स्थित पूसा कैंपस के भारत रत्न सी- सुब्रह्मण्यम ऑडिटोरियम में कृषि खरीफ अभियान 2025 पर राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में 10 से ज्यादा राज्यों के कृषि मंत्रियों ने पूसा कैंपस पहुंचकर और अन्य कृषि मंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अपने विचार व्यक्त किए व कृषि की उन्नति की दिशा में केंद्र के साथ मिलकर कार्य करने पर सहमति जताई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों से आए कृषि मंत्रियों अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की 145 करोड़ जनता के लिए पर्याप्त खाद्यान्न फल और सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की बड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हमारे कंधों पर है। यह एक असाधारण काम है जिसे हमें मिलकर पूरा करना होगा। चौहान ने कहा कि भारत केवल भारत के लिए नहीं सारी दुनिया हमारा परिवार है हम सबका कल्याण चाहते हैं हम किसी को छेड़ते नहीं लेकिन यह भी स्पष्ट है कि कोई हमें छेड़े तो उसे छोड़ते भी नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा संकल्प है कि आतंकवाद का जड़ से खात्मा करके ही चैन की सांस लेंगे।
शिवराज सिंह ने कहा कि भारत अद्भुत देश है। एक साथ कई मोर्चों पर काम चल रहा है। कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी कार्य चल रहा है आज खरीफ सम्मेलन चल रहा है कल प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 5वें पायदान से ऊपर उठकर अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और वही दूसरी ओर आतंकवादियों के विनाश का महाअभियान भी चालू है, जिन्होंने हमारी बेटियों की मांग से सिंदूर पोछा था ऐसे आतंकवादियों और उनके सरगनाओं के अड्डों को तबाह कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हमारे कृषि विभाग के सभी साथी कटिबद्ध हैं हम प्रधानमंत्री जी के पीछे खड़े हैं। हमें गर्व है अपनी सेना पर सेना के शौर्य पर हमारे जवानों पर और ऑपरेशन में लगे हुए सारे साथियों पर। ऑपरेशन सिंदूर” एक संदेश है कि भारत की तरफ किसी को आंख उठाकर देखने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो रक्त की अंतिम बूंद तक देश के मान सम्मान और शान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।