BREAKING NEWS : कूनों नेशनल पार्क में गूंजी किलकारी... एक मादा चीता ने चार शावकों को दिया जन्म... सीएम ने शेयर की वीडियो
2023-03-29 02:57 PM
314
श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में नमीबिया से लाई गई मादा चीता ने चार शावकों को जन्म दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन शावकों की अटखेलियों का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी दूरदृष्टि के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। मुख्यमंत्री शिवराज के अलावा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने भी वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि अमृतकाल के दौरान हमारे वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण घटना है।
बता दें कि 17 सितंबर, 2022 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नमीबिया से लाए गए 8 चीतों को कूनो नेशनल पार्क में रिलीज किया था। इन्हीं में से एक मादा चीता ने चार शावकों को आज जन्म दिया है। हालांकि कुछ दिन पहले ही एक मादा चीता की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी, लेकिन इन चार शावकों के आने से खुशी अब चार गुना हो गई है।
कुल 20 चीते लाए गए थे
भारत में चीतों की प्रजाति विलुप्त हो चुकी थी। देश में अंतिम चीता छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला वन मंडल में था, जिसकी मौत के बाद 1952 से भारत में चीता को विलुप्त घोषित कर दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में चीतों को वापस लाने के लिए नमीबिया से 8, उसके बाद दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को मंगवाया। इस तरह से कुल 20 चीते भारत पहुंचे, जिसमें से एक मादा चीता की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी।