अहमदाबाद में क्रैश हुआ एयर इंडिया का विमान, 242 यात्री सवार थे… रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, एयरपोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल…
· केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से की बात
· हादसे में कई घरों को पहुंचा नुकसान, यात्रियों को लेकर यह विमान लंदन जा रहा था
अहमदाबाद. एजेंसी। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के मेघानीनगर में आज दोपहर एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिले इनपुट के अनुसार, इसमें 242 यात्री सवार थे। एयर इंडिया के विमान के साथ यह हादसा तब हुआ, जब वह पैसेंजर्स को लेकर टेक ऑफ करने वाला था। बताया जा रहा है कि टेकऑफ के दौरान प्लेन दीवार से टकरा गया, जिसके बाद उसमें भंयकर आग लग गई। घटना की खबर लगते ही मौके पर फायर ब्रिगेड का अमला पहुंच गया है। यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इधर विमान दुर्घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से बात की है।
केंद्र ने राज्य को सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी स्थिति का जायजा लेने के लिए अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। यह हादसा गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुआ है। एयर इंडिया का यात्री विमान क्रैश हुआ है। यह विमान लंदन जा रहा था, लेकिन टेकऑफ के दौरान मेघानी नगर के पास क्रैश हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान में करीब 242 यात्री सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड और आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंच चुकी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हताहतों की संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। इस हादसे में कई घरों को भी नुकसान हुआ है। हादसे से संबंधित वीडियो में विमान धू-धू कर जल रहा है। लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। दमकल की गाड़ियां खड़ी है और आग बुझाया जा रहा है। एयरपोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल है।
डीजीसीए के डीजी ने प्रेस नोट में दी सारी जानकारी
डीजीसीए के डीजी फैज किदवई ने प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि आज को एयर इंडिया का एक बोइंग 787 विमान,जिसका पंजीकरण नंबर VT-ANB था, अहमदाबाद से गैटविक जा रहा था। उड़ान संख्या AI-171 वाला यह विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के ठीक बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे,जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के हाथों में थी,जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर सह-पायलट के रूप में थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार,विमान ने अहमदाबाद से दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान ने ATC को ‘मेडे’ (आपातकालीन) कॉल दिया। हालांकि,इसके बाद ATC द्वारा की गई किसी भी कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद,विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। दुर्घटनास्थल से भारी काला धुआं उठता देखा गया।