ईएसआईसी सनथ नगर परिसर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्टता के मॉडल के रूप में उभरा
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने हैदराबाद के सनथ नगर में स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की असाधारण उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया है। 21 एकड़ क्षेत्र में स्थापित तथा 11 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र में विस्तारित, यह परिसर श्रमिक वर्ग तथा उनके परिवारों के लिए किफायती, सुलभ तथा उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सनथ नगर परिसर 72.6 लाख से ज़्यादा बीमित व्यक्तियों (आईपी) और उनके लाभार्थियों को सेवा प्रदान करने के साथ स्वास्थ्य सेवा वितरण, शिक्षा और प्रौद्योगिकी एकीकरण में एक राष्ट्रीय मानक बन गया है। 159 आईसीयू बेड, 45 डायलिसिस बेड, 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 5 उन्नत ओटी सुइट्स सहित कुल 1,044 बेड वाला यह परिसर रोगियों की संपूर्ण देखभाल सुनिश्चित करता है। संस्थान में प्रतिदिन 3,200 से ज़्यादा रोगी ओपीडी में आते है, जिसमें विभिन्न विभागों में 200 से ज़्यादा मरीज़ भर्ती होते हैं। यह संख्या संस्थान को ईएसआईसी नेटवर्क में सबसे सक्रिय स्वास्थ्य सेवा केंद्रों में से एक बनाता है।