देश-विदेश

टिहरी हादसा: खाई में गिरी मैक्स वाहन, 8 लोगों की मौत; अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी यात्री

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंबा थाना क्षेत्र के चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप (मैक्स) वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और सभी ऋषिकेश से घनसाली की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गांव चांजी, ठेला और चकरेडा वापस जा रहे थे। इसी दौरान नैल के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष) और अंकित (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
 

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है। वहीं, जिलाधिकारी ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

----------