PM मोदी ने दिखाई देश की 11वीं वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी
2023-04-01 06:58 PM
629
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्यप्रदेश निरंतर विकास की गाथाएं लिख रहा है। खेती, उद्योग, गरीबों के लिए घर, हर घर जल से नल, गेहूँ उत्पादन आदि अनेक क्षेत्रों में प्रदेश अग्रणी है। पहले बीमारू कहा जाने वाला राज्य आज हर क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य कर रहा है। हमें विकसित भारत में मध्यप्रदेश की भूमिका को और बढ़ाना है। नई वंदे भारत ट्रेन इसी संकल्प का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि रेलवे के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि कोई प्रधानमंत्री इतने कम अंतराल में किसी रेलवे स्टेशन पर दोबारा किसी कार्यक्रम में आया है। मैं पहले रानी कमलापति स्टेशन के लोकार्पण पर आया था और आज वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा रहा हूँ।
प्रधानमंत्री ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में आज रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्रेन के प्रथम कोच में जाकर स्कूली बच्चों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने ड्राइविंग कैब के क्रू मेम्बर्स के साथ भी संवाद किया। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के सौभाग्य का फिर से उदय हुआ है।जो कभी पिछली सरकारों में गंदे और बदबू मारते हुए रेलवे स्टेशन होते थे, उनको वर्ल्ड क्लास शानदार रेलवे स्टेशन में बदला गया है, यह मोदी विजन है।
केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन किए है। विशेष रूप से मध्यप्रदेश में रेलवे के क्षेत्र में प्रधानमंत्री के विजन के परिणाम स्वरूप बहुत विकास हुआ है। प्रधानमंत्री ने देश भर में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प की सिद्धि में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का महत्वपूर्ण स्थान है।