मप्र में अब बेटी को भी मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति, जानिए सीएम शिवराज ने क्या घोषणा की...
2023-04-04 10:38 AM
290
भोपाल। मध्य प्रदेश में शासकीय सेवाओं में पहले बेटों को ही अनुकंपा नियुक्ति दी जाती थी। मध्य प्रदेश सरकार ने अब यह निर्णय लिया है कि वहां अब बेटियों को भी अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम जीन निवासी बेटी संगीता गोहे को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को बैतूल पुलिस ग्राउंड पर मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं महिला सम्मेलन में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश में सामाजिक क्रांति का शंखनाद है। पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू हुई थी। अब बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है। बहनें समृद्ध होंगी तो परिवार समृद्ध होगा। मध्यम और गरीब वर्ग की बहनों की आर्थिक समस्याएँ दूर होगी। इस योजना से उनके जीवन में खुशहाली आएगी। जब महिलाओं के पास राशि रहेगी तो घर की हालत बदल जाएगी। मध्यप्रदेश में महिलाओं को उनका हक दिलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए मेरा मन सदैव तत्पर रहता है। बहनों के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा कई फैसले लिए गए हैं। राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए पंचायत और नगरीय निकायों के चुनावों में महिलाओं के आरक्षण के साथ शासकीय सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक भर्ती में 50 तथा पुलिस भर्ती में 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में सभी आवासहीन को रहने के लिए नि:शुल्क जमीन दी जाएगी। कोई भी आवासहीन नहीं रहेगा। संसाधनों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा रहा है। जनजातीय वर्ग को भी जल, जंगल और जमीन का हक दिया जा रहा है। पेसा नियम में पंचायतों में ग्राम सभा में शांति और विवाद निवारण समिति द्वारा गाँव के विवाद गाँव में ही निराकृत किए जा रहे हैं। गरीबों को शोषण से बचाया जाएगा।
मुख्यंमत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अब अहाते बार नहीं खुलेंगे। सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं। कोई सड़क पर या पार्क में शराब नहीं पियेगा। इस व्यवस्था से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार रूकेंगे और शराब पर नैतिक अंकुश लगेगा।