राजधानी के नारी निकेतन से... फरार हुईं पांच युवतियां... स्टॉफ के बीच अफरा-तफरी... तलाश में जुटी पुलिस
2023-04-04 05:53 PM
375
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के पश्चिमी दिल्ली के हरी नगर स्थित ’निर्मल छाया’ नारी निकेतन से पांच युवतियां फरार हो गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ के बाद फरार हुईं युवतियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं दावा किया जा रहा है कि जल्द ही फरार युवतियों की तलाश पूरी कर ली जाएगी। बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार रात 12 के आस-पास हुई है। इस घटना के बाद से निर्मल छाया नारी निकेतन के कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
इस मामले को लेकर सामने आ रही जानकारी के मुताबिक पांच फरार लड़कियों में चार उज्बेकिस्तान की रहने वाली हैं और एक भारतीय है। नारी निकेतन प्रशासन और पुलिस द्वारा परिसर के अंदर लड़कियों की तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस लड़कियों की तलाश कर रही है।
प्रबंधन का दावा है कि निर्मल छाया नारी निकेतन परिसर की सुरक्षा चाक-चौबंद है। परिसर के चारों तरफ ऊंची-ऊंची दीवारें हैं और उन पर कटीलीं तारें लगी हैं। वहीं, परिसर के अंदर और बाहर की तरफ काफी घने पेड़ों के पार्क भी हैं। इससे निर्मल छाया नारी निकेतन परिसर की दीवार को पार करना मुश्किल है।
संदेह के दायरे में पूरा मामला
नारी निकेतन के मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्डों की तैनाती रहती है, इन सबके बावजूद पांचों लड़कियां निर्मल छाया नारी निकेतन से फरार होने में कामयाब हो गईं, यह अपने आप में बड़ा सवाल है, तो मामला संदेहास्पद भी नजर आ रहा है। फिलहाल हरी नगर थाना पुलिस ने निर्मल छाया नारी निकेतन प्रशासन की ओर से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले को कई तरह से खंगालने में लगी हुई है। बावजूद इसके लड़कियों का ऐसे फरार हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।