देश-विदेश

मुख्यमंत्री योगी बलरामपुर को देंगे 825 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

बलरामपुर/लखनऊ| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बलरामपुर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 825.29 करोड़ रुपये की 124 परियोजनाओं की सौगात देंगे। रविवार को मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन और गोसेवा के बाद सीएम राजकीय पॉलिटेक्निक का लोकार्पण करेंगे, साथ ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, पर्यटन और परिवहन से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री 256 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें लोक निर्माण विभाग के लिए टाइप-4, टाइप-3 और टाइप-2 के आवासीय भवन, बलरामपुर में ट्रांजिट हॉस्टल, राजकीय आईटीआई बेलीकलान तुलसीपुर और विशुनपुर विश्राम में 100-100 सीटों वाले छात्रावास शामिल हैं। इसके अलावा, कोतवाली देहात, पचपेड़वा, महराजगंज और हरैया थानों में हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष, जिला मेमोरियल अस्पताल में ओपीडी, गैसड़ी में कार्यालय भवन, चाउरखाता मंदिर का पर्यटन विकास और देवीपाटन मंदिर में फसाड लाइटिंग कार्य का शुभारंभ होगा।

सीएम योगी 568 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। तुलसीपुर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ओवरब्रिज, मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लिए 261 करोड़ रुपये की लागत से 1.75 किमी लंबे फोरलेन मार्ग, घुघुलपुर में बस स्टेशन, उतरौला तहसील में टाइप-3 के चार आवासीय भवन, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बालापुर में 15 शिक्षक आवास, लौकीखुर्द, त्रिलोकपुर और रेहराचौकी में नवीन हाईस्कूल, थारू विकास परियोजना में कंप्यूटर व सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दत्तगंज, उतरौला और रेहरा बाजार में शैक्षणिक भवन व छात्रावास ब्लॉक, गैसड़ी में बरात घर और उतरौला ग्रामीण छिपिया में मॉडल कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास शामिल है।
 

जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि 2020 में शिलान्यासित राजकीय पॉलिटेक्निक घुघुलपुर का निर्माण 20.29 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है, जिसका लोकार्पण रविवार को होगा। ये परियोजनाएं बलरामपुर और आसपास के मंडलवासियों के लिए विकास का नया अध्याय शुरू करेंगी। 

----------