देश-विदेश

वाराणसी में “नो पार्किंग, नो पॉलिटिक्स”: कैंट पुलिस की सख्ती, माननीय पास वाले वाहन सीज

वाराणसी| शहर में सुगम यातायात और अतिक्रमण मुक्त सड़कों के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कैंट थाना पुलिस ने जोरदार अभियान छेड़ा। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में “अतिक्रमण हटाओ और वाहन चेकिंग अभियान” के तहत व्यस्त चौराहों पर सख्ती बरती गई।

भोजू बीर चौराहे पर चेकिंग के दौरान दो वाहनों पर विधायकों के नाम वाले पास लगे पाए गए। चालकों से पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर दोनों वाहनों को सीज कर टीपी लाइन भेज दिया गया। इसके अलावा, अर्दली बाजार, महावीर मंदिर, इनफिनिटिव हॉस्पिटल और विजय मेडिकल स्टोर के सामने अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों का चालान किया गया। वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क पर अनधिकृत पार्किंग की स्थिति में कड़ी कार्रवाई होगी।
 

पुलिस ने नर्सिंग होम संचालकों को भी हिदायत दी कि उनके परिसर के बाहर सड़क पर वाहनों से अतिक्रमण न हो। प्रशासन ने साफ किया कि यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अब और सख्ती की जाएगी। यह अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। 

----------