देश-विदेश

विधानसभा चुनाव से पहले... पीएम मोदी ने प्रदेश के नाम की बड़ी सौगात... बोले, यह मेरा सौभाग्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान को अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात दी है। इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती को आज पहली वंदे भारत ट्रेन मिल रही है। दिल्ली कैंट अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस से जयपुर से दिल्ली आना जाना और आसान हो जाएगा। ये राजस्थान के पर्यटन में भी बहुत सहायक होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस से राजस्थान के पर्यटन उद्योग को अत्यधिक लाभ होगा। बीते 2 महीनों में ये छठी वंदे भारत है, जिसे हरी झंडी दिखाने का मुझे सौभाग्य मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “जब से ये आधुनिक ट्रेन शुरू हुई हैं, तब से करीब 60 लाख लोग इनमें सफर कर चुके हैं। तेज रफ्तार इनकी सबसे बड़ी व‍िशेषता है, इससे यात्रियों का समय बचता है।” उन्होंने कहा, “वंदे भारत ट्रेन आज विकास, आधुनिकता, स्थिरता और आत्म-निर्भरता का पर्याय बन चुकी है। आज की वंदे भारत की यात्रा, कल हमें विकसित भारत की यात्रा की ओर ले जाएगी।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि देश का दुर्भाग्य रहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था जो सामान्य मानव के जीवन का इतना बड़ा हिस्सा है, उसे भी राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया था। हालत ये थी कि रेलवे की भर्तियों में राजनीति होती थी। ग़रीब लोगों की ज़मीन छीन कर उन्हें रेलवे में नौकरी का झांसा दिया गया।

यह एक्सप्रेस हाई-राइज ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइनों पर चलने वाली दुनिया की पहली सेमी-हाई-स्पीड पैसेंजर ट्रेन होगी। रेलवे के अनुसार यह राजस्थान की पहली और दिल्ली से चलने वाली चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस है।  

----------