देश-विदेश

पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्तापक्ष पर कसा तंज... बोले 7 लोगों ने सिलवा रखे हैं सूट... पर मौका नहीं मिल पाएगा

देश में इस साल कर्नाटक के बाद तीन महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है। जिनमें छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश शामिल हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है और उनका कार्यकाल भी पूरा हो जाएगा, जबकि मध्यप्रदेश जहां कांग्रेस की सरकार बनी तो थी, पर फिसलकर फिर भाजपा के पाले में आ गिरी और अब शिवराज सरकार अपना चौथा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। 

इस बीच मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सत्तासीन भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने भाजपा से मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल संभावित उम्मीदवारों को लेकर कहा कि भाजपा में 7 लोग CM बनने के लिए सूट सिलवाए हुए हैं। दिग्विजय सिंह के इस बयान ने मध्यप्रदेश की सियासत गरमा दी है। 

दिग्विजय सिंह का कहना है कि भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय और वीडी शर्मा तैयारी में हैं कि कब मौका मिल जाए। लेकिन, मौका नहीं मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि शपथ ग्रहण तो नवंबर-दिसंबर में ही होगा, लेकिन मुख्यमंत्री पद की शपथ कमलनाथ लेंगे। 

बता दें कि मध्यप्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी करवाने के लिए दिग्विजय सिंह पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर दौरे कर रहे हैं। इसी के तहत बुधवार को वह सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। दिग्विजय के इस बयान पर BJP के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा, मिस्टर बंटाधार फिर झूठ बोलकर मध्यप्रदेश को दुरावस्था में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह खुद कह चुके हैं कि मैं जनता के बीच जाता हूं, तो कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। 

----------