गंगा नदी के नीचे से सरपट दौड़ी... देश की पहली अंडर वॉटर मेट्रो ट्रेन... अलग ही रोमांच का होगा अनुभव
2023-04-13 10:34 AM
338
बंगाल। कोलकाता मेट्रो ने गंगा (हुगली) नदी के नीचे से पहली मेट्रो रैक को हावड़ा मैदान तक ले जाकर इतिहास रच दिया। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को देश की पहली मेट्रो ट्रेन गंगा नदी के नीचे से दौड़ी। भारत में यह पहली अंडरवाटर मेट्रो परियोजना है।
भारत में पहली बार अंडर वाटर ट्रेन चली है। यह ट्रेन बुधवार को पश्चिम बंगाल में हुगली नदी के नीचे से होकर कोलकाता से हावड़ा पहुंची। मेट्रो रेल के जीएम पी उदय कुमार रेड्डी ने इस ट्रेन में महाकरन से हावड़ा मैदान के बीच सफर किया। ट्रेन ने दिन में 11.55 बजे हुगली नदी को पार किया। हावड़ा पहुंचने पर ट्रेन की पूजा की गई।
कोलकाता में जिस अंडरवाटर मेट्रो ट्रेन का परीक्षण किया गया है, वह हुगली नदी के पूर्वी तट पर एस्प्लेनेड और पश्चिमी तट पर हावड़ा मैदान को जोड़ती है। हावड़ा मेट्रो स्टेशन जमीन से 33 मीटर नीचे है और यह देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन है।
हुगली नदी के नीचे 520 मीटर की जुड़वां सुरंग में बना यह अंडरवाटर ट्रेन का ट्रैक 4.8 किलोमीटर लंबा है। इस मेट्रो की सुरंग को बनाने में करीब 120 करोड़ रुपए का खर्च आया है। इस पर बीते एक साल से काम चल रहा था। कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (KMRC ) सियालदह से एस्प्लेनेड के बीच 2.5 किलोमीटर के ट्रैक का काम पूरा होने का इंतजार कर रहा है, इसके बाद ही इस पर रेगुलर ट्रेन शुरू की जाएगी।
अभी चलता रहेगा ट्रायल
कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (KMRC) के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि मेट्रो रेल के साल्ट लेक डिपो से एस्प्लेनेड तक एस्प्लेनेड और सियालदह के बीच ईस्ट बॉन्ड टनल के माध्यम से 2 ट्रेनें ट्रायल पर चलेंगी, जिनमें फिलहाल 6 कोच होंगे। रेड्डी ने कहा कि अगले कुछ महीनों तक ट्रायल किया जाएगा।
बैटरी वाली इंजन से चलाएंगे
सियालदह से एस्प्लेनेड तक ट्रेनों को बैटरी इंजन से चलाया जाएगा, क्योंकि इसमें पटरियों पर इलेक्ट्रिफिकेशन नहीं किया गया है। कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (KMRC ) ने बताया है कि अगले कुछ महीने में ट्रेन नियमित चलने लगेगी। इसके साथ ही भारत भी उन देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जहां मेट्रो ट्रेन पानी के नीचे चलती है।
दोहराया गया इतिहास
बता दें कि देश की पहली मेट्रो सर्विस भी साल 1984 में कोलकाता में ही शुरू हुई थी। इसके बाद दूसरी मेट्रो साल 2002 में दिल्ली में चलाई गई थी। अब कई शहरों मेट्रो सर्विस शुरू हो चुकी है।