कोटा में भाजपा नेता पर फायरिंग... भरे बाजार में बाइक सवारों ने चलाई गोलियां... इलाके में दहशत
2023-04-13 03:31 PM
520
राजस्थाना के कोटा में बुधवार को भाजपा नेता पर जानलेवा हमला हुआ है। बाइक सवार शातिर बदमाशों ने शोरूम में बैठे बीजेपी नेता पर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि बाइक सवार बदमाशों का निशाना चूक गया, जिसकी वजह से जान बच गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
मामला जिले के कनवास कस्बे का है। 15 मिनट में हुई दो फायरिंग से व्यापारियों और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस मामले को लेकर बुधवार देर रात मीटिंग का आयोजन किया गया और गुरुवार सुबह पूरे कस्बे को बंद रखा गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बीजेपी नेता और व्यापारी कौशल सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बदमाश अतीक और शकील के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है।
भाजपा नेता व व्यापारी कौशल सोनी ने बताया कनवास में उनकी ज्वेलरी व बाइक का शोरूम है। बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे बेटे व भाई के साथ शोरूम पर बैठे थे। दोनों ही शोरूम पास-पास में है। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश अतीक और शकील आए और चलती बाइक से उन पर फायर कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।