रायपुर। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार तड़के यात्रियों से भरी एक बस के खाई में जा गिरी। दिल दहला देने वाले इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा पुणे-रायगढ़ सीमा पर सुबह 4:30 बजे हुआ। बस पुणे के पिंपल गुराव से गोरेगांव जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 41 यात्री सवार थे।
रायगढ़ एसपी सोमनाथ घार्गे ने बताया कि रायगढ़ के खोपोली इलाके में बस के खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, उसके पास सड़क के किनारे एंबुलेंस और पुलिस वाहन खड़े देखे गए।