दिल्ली सरकार में शराब घोटाले की आंच अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी झुलसाने लगी है। CBI ने शराब घोटाले को लेकर सीएम केजरीवाल को समन जारी किया है, जिसके बाद सीएम केजरीवाल ने न्यूज एजेंसी को जवाब देते हुए कहा कि 'यदि केजरीवाल भ्रष्टाचारी है, तो दुनिया में कोई भी ईमानदार नहीं है।'
बता दें कि शराब घोटाले के आरोपों का सामना कर रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि BJP चिल्लाकर शराब घोटाला कह रही है। सारा काम छोड़कर सारी एजेंसी इसकी जांच में जुटी हैं, लेकिन जांच में क्या मिला? ED और CBI ने आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया ने 14 फोन तोड़ दिए, जबकि ED के डॉक्यूमेंट में 14 फोन के 3 IMEI नंबर लिखें हैं।
उन्होंने कहा कि ED सीजर मेमो के मुताबिक, 4 फोन ED के पास हैं और 1 फोन CBI के पास है, बाकी 9 फोन जिंदा हैं, कोई न कोई इस्तेमाल कर रहा है। वो मनीष सिसोदिया के फोन नहीं हैं। ED और CBI ने कोर्ट को गुमराह किया और कोर्ट में झूठा सबूत पेश किया।
केजरीवाल ने कहा कि जब उन लोगों ने झूठ बोलने से मना किया तो उन्हें मारापीटा गया। उनसे जबरन साइन करवा लिए गए। उन्हें टॉर्चर करके बयान लिया गया। ऐसे पता नहीं कितने लोग हैं, जिन्हें धमकियां देकर उनसे झूठ बुलवाया जा रहा है। मैं मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि ये चल क्या रहा है।
उन्होंने कहा कि इतनी रेड हो चुकी हैं, लेकिन जांच एजेंसी को मिला कुछ भी नहीं है। अगर मिला है तो वो पैसे हैं कहां..? फिर आरोप लगाया गया कि गोवा के चुनाव में 100 करोड़ रुपये खर्च हुए। जांच के नाम पर लोगों को दबाया जा रहा है। मैं मोदी जी को कहना चाहता हूं कि अगर केजरीवाल भ्रष्टाचारी है तो दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। जिस तरह से आम आदमी पार्टी को टारगेट किया गया, उस तरह किसी भी पार्टी को टारगेट नहीं किया गया।