खदान में डूबने से दो बच्चों की मौत... एक को बचाने दौड़ा दूसरा... डूब गए दोनों ही बच्चे
2023-04-15 06:40 PM
414
भैंस को पानी पिलाने खदान में गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। भैंस को पानी पिलाने के दौरान एक लड़का डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने उतरा। इस दौरान दोनों डूब गए। घटना राजस्थान के कोटा अंतर्गत रानपुर थाना क्षेत्र में बंद पड़ी खदान की है। वहीं, देवनारायण आवास योजना के लोगों ने घटना का जिम्मेदार यूआईटी अधिकारियों को बताया है।
लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही आवास योजना में पानी की समस्या का समाधान, मृतक आश्रितों को 10-10 लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग रखी है। न्यू मेडिकल हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष UIT अधिकारियों को मौके बुलाने की मांग पर अड़े रहे। तीन थानों की सीआई ,डीएसपी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
दरअसल, हंसराज गुर्जर (15) और शैतान गुर्जर (14) दोपहर को भैंस को पानी पिलाने देवनारायण आवासीय योजना के पास खदान में गए थे। खदान गहरी है और पानी भरा रहता है। बताया जा रहा है कि भैंस के साथ एक लड़का खदान में उतरा था। वह डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। देखते ही देखते दोनों ही गहरे पानी में फंस गए।
इस बीच, शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे पानी का टैंकर भरने आए युवक ने कपड़े और चप्पल पड़े देखे तो उसने आवासीय योजना में जाकर बताया। फिर पुलिस को भी सूचना दी गई। रात 8 बजे करीब निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तब जाकर स्कूबा डाइविंग कर करीब 20 मिनट में दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका। परिवार में तीसरे नंबर का हंसराज 5 भाई बहनों में इकलौता था। वह 8वीं में पढ़ता था। जबकि शैतान 6 वीं कक्षा में।