केंद्रीय बजट 2026: ‘विकसित भारत’ के साथ खुशहाल छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
2026-02-02 09:01 AM
11
नई दिल्ली/रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक बजट बताया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक मंदी और अस्थिरता के दौर में भी देश की विकास दर को 7 प्रतिशत पर बनाए रखना मोदी सरकार की मजबूत आर्थिक नीति और दूरदर्शिता का प्रमाण है। यह बजट युवा, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में 12.2 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय (Capex) प्रस्तावित है, जिससे देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज विकास होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ को इसका सीधा लाभ मिलेगा
छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी सौगातें सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि खनिज संपन्न और जनजातीय बहुल राज्य छत्तीसगढ़ के लिए बजट में कई दूरगामी घोषणाएं की गई हैं: माइनिंग कॉरिडोर: छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल में माइनिंग कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इससे कोयला, लौह अयस्क और बॉक्साइट क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी, परिवहन लागत घटेगी और औद्योगिक निवेश बढ़ेगा। जनजातीय कल्याण: छत्तीसगढ़ सहित 8 राज्यों में जनजातीय स्वास्थ्य वेधशालाओं की स्थापना और जनजातीय स्कूलों में स्पोर्ट्स हब विकसित करने का प्रस्ताव सामाजिक विकास को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि एक ही वर्ष में छत्तीसगढ़ को ₹52,000 करोड़ का केंद्रीय सहयोग मिलना, मोदी सरकार के छत्तीसगढ़ के प्रति प्रेम और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग ₹4,500 करोड़ अधिक है, जिससे राज्य में विकास की रफ्तार और तेज होगी। नारी शक्ति को नई मजबूती श्री अग्रवाल ने बताया कि बजट में शी-मार्ट्स (SHE-Marts) की घोषणा की गई है, जिसके तहत ‘लखपति दीदियों’ के लिए गांव-गांव में रिटेल आउटलेट खुलेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।