महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भूचाल के आसार नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि एनसीपी नेता अजित पवार भाजपा प्रवेश करने जा रहे हैं। अटकलों के इस गर्म सियासी बयार के बीच चर्चा यह भी है कि पवार के साथ 40 विधायक भी हैं, जो उनके इशारे की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अजित पवार के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच एनसीपी विधायक अन्ना बंसोडे ने बड़ा दावा किया है। अन्ना बंसोडे ने अजित पवार का समर्थन करते हुए कहा कि, अजित पवार जो भी फैसला लेंगे हम उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 'दादा' जहां भी जाएंगे अन्ना बंसोडे वहीं होंगे।
एनसीपी विधायक अन्ना बंसोडे ने कहा, मैं कल रात मुंबई पहुंचा हूं। एनसीपी के कई विधायक मुंबई आ चुके हैं। अजित पवार ने मुंबई में बैठक नहीं बुलाई, लेकिन बंसोड़े ने कहा कि हम उनसे मिलने मुंबई आए हैं। मैं अजित पवार को मानने वाला कार्यकर्ता हूं, मुझे उन पर भरोसा है। बंसोडे ने कहा कि वे जो फैसला लेंगे मैं उससे सहमत हूं।
अन्ना बंसोडे ने कहा कि कुछ ही देर में पता चल जाएगा कि कितने विधायक अजीत पवार के साथ हैं। बंसोडे ने कहा कि काम के सिलसिले में मेरी अजित पवार से बात हुई थी। हालांकि, बंसोडे ने कहा कि शरद पवार से कोई बात नहीं हुई या उन्होंने उनका फोन कॉल रिसीव नहीं किया।
कुछ दिन पहले प्रकाश अंबेडकर ने कहा था कि पंद्रह दिनों में राज्य में राजनीतिक भूचाल आ जाएगा। इस बारे में पूछे जाने पर सुप्रिया सुले ने कहा कि एक नहीं बल्कि दो राजनीतिक भूचाल आएंगे, एक दिल्ली में और दूसरा महाराष्ट्र में।