देश-विदेश

कोरबा में मेधावी बच्‍चों की शिक्षा में मददगार होगा 'अनिकेत'... मंचन 21 मार्च को

0-  महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर के नाटक मैं अनिकेत हूंका मंचन 21 को, रोटरी क्‍लब व महाराष्‍ट्र मंडल कोरबा भी जुटे हैं तैयारियों में

0-  संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में अनिकेत की टीम जी जान से जुटी है रिहर्सल में, ताकि कोई कमी न रह जाए नाटक के मंचन में

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के ख्‍याति प्राप्‍त नाटक मैं अनिकेत हूंके चार सफलतम मंचन के बाद अब इसका पांचवा प्रयोग शनिवार, 21 मार्च को कोरबा के राजीव गांधी ऑडिटोरियम, इंदिरा स्‍टेडियम टीपी नगर में होगा। रोटरी क्‍लब कोरबा और महाराष्‍ट्र मंडल कोरबा के संयुक्‍त तत्‍वावधान में व्‍यावसायिक स्‍तर पर मंचित होने वाले नाटक की आय से आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी शिक्षा जारी रखने में असमर्थ मेधावी विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अनिकेत... टीम के सामने बड़ी चुनौती इस बात की है कि जिस सेवाभावी कार्य के लिए मैं अनिकेत हूंका मंचन किया जा रहा है, ऐसा पहले नहीं हुआ था। जाहिर है, जब नाटक का मंचन व्‍यावसायिक स्‍तर पर होगा तो नाट्य मंडली पर भी अपेक्षाकृत अधिक दबाव होगा कि कहीं कोई चूक न हो जाए, कहीं कोई कमी न रह जाए। यही वजह है कि निर्देशक और नाटक में अनिकेत की केंद्रीय भूमिका निभाने वाले वरिष्‍ठ रंगसाधक शशि वरवंडकर के निर्देशन में पूरी टीम गत कई दिनों ने रिहर्सल कर रही है। 

बताते चलें कि 90 मिनट के नाटक मैं अनिकेत हूं में अनिकेत की पत्‍नी मीनाक्षी शर्मा का रोल बहुमुखी प्रतिभा की धनी वरिष्‍ठ रंगकर्मी डॉ. अनुराधा दुबे निभा रहीं हैं। वहीं पूरे नाटक के हर दृश्‍य में भारद्वाज वकील की दमदार भूमिका में आचार्य चेतन दंडवते नजर आएंगे। जज के प्रभावी रोल में दिलीप लांबे और गवाहों की भूमिकाओं में प्रकाश खांडेकर, रंजन मोड़क, रविंद्र ठेंगड़ी, समीर टुल्‍लू, भारती पलसोदकर, सुमीता रायजादा और श्‍याम सुंदर खंगन नाटक में दिलचस्‍प उतार-चढ़ाव लाएंगे। विनोद राखुंडे, पंकज सराफ भी अपनी अहम भूमिकाओं से प्रभावित करेंगे। पर्दे के पीछे डॉ. शुचिता देखमुख, अजय पोतदार और प्रवीण क्षीरसागर तकनीकी पहलुओं को सशक्‍त बनाएंगे।

अब तक चार बार मंचन

वरिष्ठ रंगसाधक रंजन मोड़क बताते हैं कि मैं अनिकेत हूंका पहला मंचन चार अक्‍टूबर 2025 को महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में, दूसरा मंचन 9 अक्‍टूबर को एम्‍स रायपुर के ऑडिटोरियम में, तीसरा 26 दिसंबर को नूतन कला निकेतन बालाघाट में और महाराष्‍ट्र मंडल धमतरी में चौथा नाट्य प्रयोग 21 जनवरी को किया जा चुका है। एक जानकारी के अनुसार बिलासपुर, जबलपुर, जगदलपुर, भिलाई और राजनांदगांव की संस्थाएं भी मैं अनिकेत हूंके यथाशीघ्र मंचन को लेकर निर्देशक शशि वरवंडकर, मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले व सचिव चेतन दंडवते के संपर्क में हैं।

----------