देश-विदेश

यहां आंगन खेल रही 4 साल की मासूम को उठा ले गया, परिजनों में मची चीख पुकार,….गांव में दहशत

कोटद्वार (पौड़ी)। चौबट्टाखाल क्षेत्र के तिमली ग्रामसभा के भतकोट गांव में गुरुवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के आंगन में खेल रही चार साल की मासूम बच्ची को गुलदार ने अचानक हमला कर अपना शिकार बना लिया।
 
घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। गांव निवासी हरेंद्र की बेटी दृष्टि खाना खाने के बाद आंगन में खेल रही थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया और उसे उठाकर नीचे खेतों की ओर ले गया। बच्ची की चीख सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक गुलदार उसे दूर ले जा चुका था।

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची की तलाश शुरू की। काफी देर की खोजबीन के बाद घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बच्ची का शव मिला। इस मंजर को देख परिजन बेसुध हो गए और गांव में मातम छा गया। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
 

पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रहे हमलों के बावजूद न तो गश्त बढ़ाई जा रही है और न ही गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज किए गए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। 

----------