वृंदावन में बड़ा हादसा.... यमुना में पलटा स्टीमर.... 10 पर्यटकों की मौत
डेस्क। वृंदावन में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर अचानक पलट गया। इस हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब से घूमने के लिए आए थे।
हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट के पास हुआ, जो बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यमुना नदी के बीच तेज हवा के कारण स्टीमर अचानक डगमगाने लगा और उसकी स्पीड भी बढ़ गई। इसी दौरान स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय 50 गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है, जबकि गाजियाबाद से NDRF की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। जरूरत पड़ने पर सेना की मदद भी मांगी गई है। घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार हादसे के समय वृंदावन में करीब 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल रही थी, जिससे नदी में लहरें तेज हो गईं। यही वजह मानी जा रही है कि स्टीमर संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया।