कोडीन कफ सिरप कांड: सपा नेता प्रदीप जायसवाल के रिश्तेदारों पर शिकंजा
2026-04-12 01:30 PM
82
वाराणसी| वाराणसी में कोडीन युक्त कफ सिरप के काले कारोबार का जाल जैसे-जैसे खुल रहा है, वैसे-वैसे उसके तार सत्ता, संपत्ति और रिश्तों तक पहुंचते जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के भतीजे वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने उनके परिवार की संपत्तियों पर सीधा वार करना शुरू कर दिया है। शराब ठेकों से लेकर आर्थिक नेटवर्क तक, हर कड़ी को खंगाला जा रहा है और कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
रिश्तों के नाम पर खड़ी संपत्तियों पर ताला
वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी, मां समेत पांच महिलाओं को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब इन्हीं महिलाओं के नाम पर संचालित शराब ठेकों पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शनिवार शाम सपा नेता की भाभी और भतीजे की पत्नी के नाम पर चल रहे ठेकों पर ताले डाल दिए गए। आबकारी विभाग ने इन लाइसेंसों को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे साफ है कि अवैध कमाई से खड़े किए गए कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त करने की तैयारी है।
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
शनिवार रात आदमपुर के कज्जाकपुरा इलाके में उस समय हलचल मच गई जब जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ला और एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी के निर्देश पर इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह और उनकी टीम ने शराब ठेके को चारों ओर से घेर लिया। आबकारी अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रजिस्टर और दस्तावेजों को कब्जे में लेते हुए दुकान को सील कर दिया। यह ठेका ऊषा देवी के नाम पर था, जिसकी कमाई परोक्ष रूप से कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल तक पहुंच रही थी।
कफ सिरप से शराब कारोबार तक का काला खेल
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कोडीन कफ सिरप की तस्करी से होने वाली अवैध कमाई को सफेद करने के लिए इन महिलाओं के नाम पर शराब के ठेके खोले गए थे। पुलिस पहले ही वैभव जायसवाल की मां और पत्नी सहित पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर चुकी है और जांच में इनकी भूमिका मनी लॉन्ड्रिंग में सामने आई है। इस मामले ने यह भी दिखा दिया कि किस तरह संगठित अपराध में महिलाओं का इस्तेमाल एक ढाल के रूप में किया जा रहा था।
सियासी कनेक्शन पर उठते सवाल
प्रदीप जायसवाल ने भले ही वैभव और उसके परिवार से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया हो, लेकिन इससे पहले उनका फोटो कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल के साथ सामने आ चुका है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पूरे परिवार और उससे जुड़े रिश्तेदारों को रडार पर ले लिया है। मामले में पहली बार महिलाओं की गिरफ्तारी ने सियासी गलियारों में भी हलचल मचा दी है और कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।