यूपी। हावड़ा-दिल्ली रूट पर यूपी के प्रयागराज में करछना के पास पचदेवरा इलाके में बुधवार शाम ट्रेन की चपेट में आने में चार यात्रियों की मौत हो गई। कालका एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे ट्रैक पर एक शव देखकर ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया, जिसके बाद ट्रेन से नीचे उतरे यात्रियों में से चार लोग दूसरी लाइन पर आई पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। यात्रियों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ गया। सूचना जीआरपी और अन्य अधिकारियों को दी गई।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12312 कालका मेल प्रयागराज जंक्शन से बुधवार शाम 5:26 बजे रवाना हुई थी। करछना स्टेशन के आगे पचदेरवा के पास कालका मेल के लोको पायलट ने ट्रैक पर एक शव देखा, जिसके बाद करीब 6:15 बजे ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। ट्रेन रुकते ही जनरल कोच के कई यात्री नीचे उतर गए और कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर खड़े थे। इसी दौरान करीब 6:45 बजे दूसरी लाइन पर ट्रेन संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और ट्रैक पर मौजूद चार यात्री उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस भीषण हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।