देश-विदेश

सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,500 के पार.... अमेरिका से आई एक खबर ने उड़ाया युद्ध का खौफ

डेस्क। मंगलवार की सुबह शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। मिडिल ईस्ट में जारी भारी तनाव के बावजूद भारतीय बाजार ‘रॉकेट’ की रफ्तार से ऊपर भाग रहे हैं। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही प्रमुख इंडेक्स में शुरुआती कारोबार के दौरान ही जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है।

बता दें कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज जबरदस्त मजबूती के साथ खुला। पिछले बंद 78,520 के मुकाबले यह 78,617 पर ओपन हुआ और देखते ही देखते 500 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाकर 79,032 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी सेंसेक्स के साथ कदमताल करता नजर आया। निफ्टी की शुरुआत 24,374 पर हुई और देखते ही देखते यह 150 अंकों की बढ़त के साथ 24,500 का आंकड़ा पार कर गया।

गौरतलब है कि शेयर बाजार में आई इस ऐतिहासिक तेजी के बीच सराफा बाजार की चाल थोड़ी सुस्त है। फिलहाल सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर शांति वार्ता फिर से पटरी पर लौटती है और वैश्विक स्थिति सुधरती है, तो सोने की कीमतों में और भी नरमी देखने को मिल सकती है। फिलहाल बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले कदमों पर टिकी है।

----------