रायपुर

बैडमिंटन एकल में रामेश्वर और युगल में सत्येंद्र व टीकम की जोड़ी चैंपियन

रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित इंडोर गेम्स का गरिमामय समापन

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन सोमवार को यूनियन क्लब में रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। एकल वर्ग में रामेश्वर मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि युगल वर्ग में सत्येंद्र कर व टीकम वर्मा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल के दम पर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

एकल वर्ग के फाइनल में रामेश्वर मिश्रा का सामना चंदन साहू से हुआ। मुकाबले की शुरुआत से ही रामेश्वर ने आक्रामक तेवर दिखाए और तेज स्मैश व सटीक ड्रॉप शॉट्स के जरिए लगातार अंक बटोरते रहे। उन्होंने पूरे मैच में विपक्षी खिलाड़ी को संभलने का मौका नहीं दिया और 30-11 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। चंदन साहू ने वापसी की कोशिश की, लेकिन रामेश्वर की सटीक रणनीति और कोर्ट कवरेज के सामने वे ज्यादा देर टिक नहीं सके। इस प्रभावशाली जीत के साथ रामेश्वर मिश्रा ने एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। रामेश्वर का पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। सेमीफाइनल से लेकर फाइनल तक उन्होंने निरंतरता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। 

वहीं युगल वर्ग का फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा। सत्येंद्र कर व टीकम वर्मा की जोड़ी ने चंदन साहू व सुशील अग्रवाल की जोड़ी को 30-20 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच अच्छी टक्कर देखने को मिली, लेकिन सत्येंद्र और टीकम का तालमेल और समझ बेहतर साबित हुई। दोनों खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बेहतरीन समन्वय दिखाया और आक्रामक खेल के साथ-साथ मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। चंदन साहू व सुशील अग्रवाल ने भी अच्छा खेल दिखाया, पर निर्णायक क्षणों में कुछ त्रुटियों के कारण वे बढ़त कायम नहीं रख सके। सत्येंद्र और टीकम ने मौके का फायदा उठाते हुए बढ़त को अंत तक बरकरार रखा और खिताब पर कब्जा कर लिया।

फाइनल मैच के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। इस दौरान खेल समिति के संयोजक विजय मिश्रा, कमलेश गोगिया, राजेंद्र निगम, सुखनंदन बंजारे समेत प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।