एंबुलेंस का डीजल रास्ते में खत्म हुआ, मरीज की मौत
2026-04-24 07:40 AM
25
यूपी। बलिया में बैरिया क्षेत्र के अधेड़ को अस्पताल ले जा रहे एंबुलेंस का रास्ते में पेट्रोल खत्म हो गया। पेट्रोल के लिए काफी भटकने के बाद ग्राम प्रधान से लेकर एसडीएम तक गुहार लगाई लेकिन तेल नहीं मिला। आखिरकार कई बाइकों से पेट्रोल निकालकर एंबुलेंस में डाला गया तब मरीज अस्पताल पहुंच सका। लेकिन देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में व्यवस्था को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
पांडेपुर निवासी 50 वर्षीय छट्ठु शर्मा को बुधवार रात करीब 10 बजे सीने में तेज दर्द उठा। परिजनों ने तुरंत जगदेवा के ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव को सूचना दी। प्रधान ने एक निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल भिजवाया। रास्ते में एंबुलेंस का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद चालक टेंगरही गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा, लेकिन चालक और परिजनों के बार-बार अनुरोध के बावजूद पंप कर्मियों ने पेट्रोल न होने की बात कहकर तेल देने से इंकार कर दिया। मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई।
प्रधान के अनुसार उन्होंने एसडीएम बैरिया को फोन कर मरीज की गंभीर हालत बताते हुए पेट्रोल की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया, लेकिन निजी एंबुलेंस होने का हवाला देते हुए मदद नहीं मिल सकी। आखिरकार चार-पांच बाइकों से पेट्रोल निकालकर एंबुलेंस में डाला गया और किसी तरह मरीज को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छट्ठु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों और ग्राम प्रधान का कहना है कि समय पर पेट्रोल मिल गया होता तो जान बच सकती थी। एसडीएम बैरिया संजय कुशवाहा ने बताया कि ग्राम प्रधान का फोन आया था, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि एंबुलेंस में मरीज है।