अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम
2026-05-14 08:26 AM
23
नई दिल्ली। आम आदमी को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दोनों कंपनियों ने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। नई कीमतें 14 मई गुरुवार से पूरे देश में लागू हो जाएंगी। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने जानकारी देते हुए बताया कि अमूल दूध के सभी वैरिएंट पर नई दरें लागू होंगी।
इसमें अमूल गोल्ड, स्टैंडर्ड मिल्क, भैंस का दूध, गाय का दूध, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा और टी-स्पेशल शामिल हैं। कीमत बढ़ने के बाद अब अमूल का फुल क्रीम दूध 68 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। वहीं अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं।
कंपनी का कहना है कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत लगातार बढ़ी है, लेकिन अब तक इसका भार ग्राहकों पर नहीं डाला गया था। बढ़ती लागत के कारण कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया। इससे पहले मई 2025 में भी अमूल ने दूध के दाम बढ़ाए थे।