देश-विदेश

ICU में हुई शादी: दुल्हन का एक्सीडेंट, फिर अस्पताल में पहुंची बारात

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां सनी यादव और पूजा की शादी तय थी, लेकिन शादी वाले दिन एक हादसे ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया। जानकारी के अनुसार, 13 मई को पूजा का एलएलबी का पेपर था। वह अपने भाई के साथ परीक्षा देने जा रही थी, तभी रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया। हादसे में घायल होने के बाद पूजा को गंभीर हालत में अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया।

इधर शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात निकलने वाली थी। जब दूल्हे सनी यादव को हादसे की जानकारी मिली, तो उसने शादी टालने के बजाय एक अलग फैसला लिया। सनी बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया।अस्पताल प्रशासन और दोनों परिवारों की सहमति से ICU के बाहर और अस्पताल परिसर में शादी की रस्में पूरी की गईं। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और परिवार के लोगों की मौजूदगी में विवाह सम्पन्न हुआ। इस अनोखी शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग दूल्हे के फैसले और दोनों परिवारों के समर्थन की सराहना कर रहे हैं। 

----------