देश-विदेश

पीएम मोदी ने पंचायती राज दिवस पर... तीन ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी... दशकभर पहले ममता बेनर्जी ने की थी घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की छिंदवाड़ा-नैनपुर-मंडला फोर्ट विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का लोकार्पण किया। उन्होंने तीन नई ट्रेन रीवा-इतवारी (वाया नैनपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा), छिंदवाड़ा-नैनपुर और नैनपुर-छिंदवाड़ा यात्री ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रीवा पहुंचे थे। यहां उन्होंने रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर एक समानंतर कार्यक्रम नैनपुर रेलवे स्टेशन में भी आयोजित किया गया। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने नैनपुर-छिंदवाड़ा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 
वर्ष 2010-11 के रेलवे बजट में तत्कालीन रेलमंत्री ममता बनर्जी ने 182.25 किमी के छिंदवाड़ा-नैनपुर-मंडला नेरोगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तित किये जाने की घोषणा की थी, तब इसकी अनुमानित लागत 556.54 करोड़ रुपए आंकी गई थी, लेकिन स्वीकृति के बावजूद मार्च 2014 तक इस लाइन के लिए महज 53.25 करोड़ रुपए ही मिल सके। इसलिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ और यहां पहले की ही भांति नैरोगेज ट्रेन चलती रही। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद इस लाइन में कार्य की गति आई। रेलवे ने नवंबर 2015 में इस नैरोगेज लाइन पर यातायात पूरी तरह बंद कर तेज गति से कार्य प्रारंभ किया।
 
वर्ष 2018 में इस लाइन का पहला नैनपुर-चिरईडोंगरी सेक्शन पूर्ण हुआ, तब तक इस परियोजना की लगत बढ़ कर 1322 करोड़ रुपए हो गई। इसके बाद चिरईडोंगरी-मंडला फोर्ट, छिंदवाड़ा-चौरई और अंत में भोमा-चौरई सेक्शन का मार्च 2023 में कार्य पूर्ण होते ही छिंदवाड़ा-नैनपुर-मंडला परियोजना पूरी हो चुकी थी।

लोग इस नवनिर्मित लाइन पर यात्री गाड़ियों का बेसब्री से इंतजार कर थे। लोगों का यह इंतजार प्रधानमंत्री के रीवा में छिंदवाड़ा-नैनपुर-मंडला ब्रॉडगेज परियोजना के लोकार्पण और इस मार्ग पर चलने वाली तीन नई यात्री ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के साथ ही पूरा हुआ। 

----------