देश-विदेश

बर्फबारी के बीच मंगलवार को 6 माह बाद खुलेगा बाबा केदार का पट... राज्यपाल और सीएम होंगे शामिल... 20 क्विंटल फूलों से हो रही सजावट

केदारनाथ धाम के कपाट मंगलवार (25 अप्रैल) से खुलने वाले हैं, जिसे लेकर तेजी से तैयारियां की जा रही हैं। कपाट खुलने से पहले बाबा केदार के पौराणिक मंदिर को फूलों से सजाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए 20 क्विंटल से ज्यादा तरह-तरह के फूल लाये गए हैं। केदारनाथ धाम में सुबह चटक धूप खिली थी, जिसके बाद दोपहर में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। 

केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तैयारियों में मौसम सबसे बड़ा बाधक बन रहा है। यहां पर रोजाना शाम के वक्त बर्फबारी हो रही है जिससे यात्रा की तैयारियां करने में परेशानी आ रही है। वहीं दूसरी तरफ श्रद्धालुओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बाबा के भक्त बड़ी संख्या में आज सुबह से ही केदारनाथ धाम में पहुंचने लगे हैं। वहीं शाम तक बाबा की उत्सव डोली भी धाम पहुंच जाएगी। बाबा केदार के कपाट मंगलवार सुबह शुभ मुहूर्त में 6 बजकर 20 मिनट पर खोले जाएंगे। 
 
केदारनाथ धाम के कपाट जब मंगलवार की सुबह खोले जाएंगे तो उस वक्त उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। सीएम धामी आज शाम को ही गुप्तकाशी पहुंच जाएंगे। शाम 7 बजकर 5 मिनट नाला गुप्तकाशी हैलीपैड से कार द्वारा प्रस्थान कर गुप्तकाशी के लोनिवि में रात्रि विश्राम करेंगे।

मंगलवार प्रातः 5 बजकर 30 मिनट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी निरीक्षण भवन लोनिवि गुप्तकाशी से कार से प्रस्थान करते हुए 5 बजकर 40 मिनट पर आर्यन हैलीपैड़ पहुंचेंगे और फिर यहां से 5 बजकर 45 मिनट पर हैलीकाॅप्टर से प्रस्थान करते हुए 6 बजे वीआईपी हेलीपैड केदारनाथ पहुंचेंगे। 6 बजकर 10 मिनट पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर वो भगवान केदार का दर्शन पूजन करेंगे और भंडारे के शुभारंभ में हिस्सा लेंगे।   

----------