बिहार। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। कोसी बराज कंट्रोल रूम के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे नदी का डिस्चार्ज 97,935 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा है। एहतियात के तौर पर कोसी बराज के 11 गेट खोल दिए गए हैं ताकि अतिरिक्त पानी का दबाव कम किया जा सके।
नेपाल के बराह क्षेत्र, जो कोसी बेसिन का प्रमुख जलग्रहण क्षेत्र है, वहां भी जलस्तर में तेजी से वृद्धि देखी गई है। यहां सुबह 10 बजे डिस्चार्ज 1,23,000 क्यूसेक तक पहुंच गया और इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि बारिश जारी रही तो जलस्तर 1,50,000 क्यूसेक से अधिक हो सकता है। बिहार जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने तटबंधों की सुरक्षा और निगरानी के लिए टीमों को तैनात कर दिया है। बीरपुर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने बताया कि इंजीनियरों और फील्ड कर्मियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कोसी तटबंध क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। हर साल कोसी नदी के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनती है, जिससे जनजीवन और कृषि को भारी नुकसान होता है। मौसम विभाग ने पटना, पूर्णिया, सहरसा, अररिया, कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।