देश-विदेश

बेलगावी में संपन्न हुई RSS की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक, शाखा विस्तार पर जोर

डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार को कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हो गई। 10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से 226 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में मार्च 2026 के बाद आयोजित संघ के प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की गई। इस वर्ष देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित हुए, जिनमें कुल 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, संघ कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण जैसे विषय शामिल रहे।

बैठक के दौरान शाखा विस्तार, विशेषकर सितंबर माह में अधिकतम शाखा विस्तार अभियान, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही शताब्दी वर्ष के दौरान संपर्क में आए लोगों को सामाजिक कार्यों और ‘पंच परिवर्तन’ के विभिन्न विषयों से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया गया। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।

वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। इनमें जनगणना, जनसांख्यिकीय असंतुलन से जुड़ी चुनौतियां, बढ़ते नशे के दुष्प्रभाव और नशा मुक्ति के लिए प्राथमिकता से प्रयास करने की आवश्यकता प्रमुख रही। इसके अलावा संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

बैठक में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दानपेटी के चढ़ावे की गिनती में सामने आई कथित अनियमितता पर भी चिंता व्यक्त की गई। संघ ने तीर्थक्षेत्र न्यास के अनुरोध पर चल रही एसआईटी और पुलिस जांच के निर्णायक निष्कर्ष तक पहुंचने का विश्वास जताया। साथ ही न्यास से अपेक्षा व्यक्त की गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, जिससे रामभक्तों की श्रद्धा और आस्था प्रभावित हो।

 

----------