UP मथुरा से वाराणसी तक दौड़ेगी वंदे भारत
2026-07-24 07:51 AM
13
मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आगरा कैंट-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार मथुरा जंक्शन तक करने की मांग की है। हालांकि रेलवे सूत्रों के अनुसार मथुरा स्टेशन पर पिटलाइन और स्टेबलिंग लाइन का अभाव इस प्रस्ताव की राह में बड़ी चुनौती बन सकता है।
मथुरा से वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की कवायद तेज हो गई है। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आगरा कैंट-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20175-20176 का विस्तार मथुरा जंक्शन तक किए जाने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि इससे ब्रज क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल सेवा का लाभ मिलेगा। 18 जुलाई को भेजे गए पत्र में सांसद ने उल्लेख किया है कि मथुरा जंक्शन उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और व्यावसायिक यात्री आते-जाते हैं। इसके बावजूद मथुरा से वाराणसी के लिए वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि बार एसोसिएशन मथुरा के अध्यक्ष एडवोकेट चौ. राघवेंद्र सिंह ने भी इस संबंध में उन्हें पत्र भेजकर आगरा कैंट से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को मथुरा तक विस्तारित करने का अनुरोध किया है। इसी मांग को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने रेल मंत्री से इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। अब इस मांग पर रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय के निर्णय का इंतजार है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मथुरा सांसद का पत्र प्राप्त हुआ है।