देश-विदेश

भाजपा को लग सकता है एक और झटका... पूर्व मंत्री भी कांग्रेस जाने की कर रहे तैयारी... 6 मई को हो सकता है प्रवेश

मध्यप्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे और शिवराज सरकार में मंत्री रहे दीपक जोशी जल्द ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। दीपक जोशी ने कांग्रेस ज्वाइन करने की तारीख 6 मई बताई है। पीसीसी चीफ कमलनाथ से उनकी बातचीत भी हो चुकी है। खुद भाजपा नेता और पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने इसकी पुष्टि की है। दीपक जोशी ने कहा कि जो मुझे सम्मान देगा, मैं उसके साथ रहूंगा। इस पर कमलनाथ ने कहा कि ये अभी ट्रेलर है, आगे-आगे देखिए क्या होता है।

दीपक जोशी ने कहा कि मैं पिताजी की राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाऊंगा। जनता का जो सहयोग पिताजी को मिलता रहा है। उन संबंधों को जीवित रखने के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। मैं कांग्रेस जॉइन कर रहा हूं। 5 मई को मेरी पत्नी की पहली बरसी है। सात दिन तक कार्यक्रम चलेंगे, उसके बाद कांग्रेस जॉइन करूंगा। उन्होंने कहा कि 6 मई को वे भोपाल आकर कांग्रेस की सदस्यता लेंगे।

 

उपेक्षित कर रहे महसूस
साल 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इस्तीफा देने वालों में हाटपिपल्या से दीपक जोशी को हराकर विधायक बने मनोज चौधरी भी बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद हुए उपचुनाव में मनोज चौधरी फिर विधायक बन गए थे। चौधरी के विधायक बनने के बाद से ही दीपक जोशी उपेक्षित महसूस कर रहे थे। 

----------