अयोध्या में दीपोत्सव से बढ़ेगी पर्यटन अर्थव्यवस्था, दिवाली से पहले नये होटलों के उद्घाटन की तैयारी
2026-10-01 09:00 AM
19
अयोध्या: अयोध्या में पर्यटन गतिविधियो का आर्थिक असर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते बढ़ रहा है। मार्च से जून 2026 के बीच गर्मी की छुट्टियों वाले महीनों में अयोध्या में पर्यटकों की आवाजाही पिछले चार वर्षों की समान अवधि की तुलना में करीब 535 प्रतिशत बढ़ी है।
दीपोत्सव में नए कार्यक्रम विकसित करने पर जोर
शहर में पैदा हो रही कारोबारी गतिविधियों और आर्थिक अवसरों के आकलन पर भी शासन जोर दे रहा है। सरकार दीपोत्सव 2026 को नए आकर्षण, बेहतर हॉस्पिटैलिटी और सांस्कृतिक भागीदारी को एक साथ जोड़ने पर समीक्षा कर रही है। इस दिशा में नए कार्यक्रम और आकर्षण विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
होटलों के उद्घाटन की तैयारी
दीपोत्सव के दौरान उद्घाटन के लिए तैयार नए होटलों की पहचान कर उन्हें इसी आयोजन के दौरान शुरू कराया जाएगा। इससे अयोध्या में बढ़ती पर्यटकों की संख्या के अनुरूप ठहरने की सुविधाओं का विस्तार होगा। अधिकारियों ने बताया कि दीपोत्सव के आकर्षणों में लाइव एक्रोबैटिक प्रस्तुतियां भी शामिल करने की योजना है।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक, भजन संध्या स्थल का अधिक प्रभावी उपयोग करने के लिए वहां रामलीला के आयोजन पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे युवाओं को अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का मंच मिलेगा।
अयोध्या में जलेंगे 30 लाख से अधिक दीप
बता दें कि इस साल अयोध्या के दीपोत्सव को और भी ज्यादा भव्य बनाने के लिए 30 साल से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपोत्सव पर 2100 ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 3डी प्रोजेक्शन, लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन फायरवर्क्स से पूरे कार्यक्रम को और भी ज्यादा आकर्षित बनाया जाएगा।