प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 चिकित्सा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। समाज कल्याण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा। सच्चाई को धारण करते हुए अच्छाईयों को लागू करने की अद्भुत प्रतिभा राष्ट्रसेवी स्व. शालिगराम जी तोमर के व्यक्तित्व में देखने को मिलती है। एक छोटे से स्थान से निकलकर अद्भुत संगठन क्षमता से युवाओं को सद्कार्य के लिए जोड़ना उनकी विशेषता थी। आपातकाल के कठिन, संघर्षपूर्ण और चुनौती भरे समय में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल देने का कार्य किया। स्व. तोमर जी का व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। तोमर ने गौशाला से लेकर ग्राम विकास के अनेक प्रकल्पों में पहल की, जिसके परिणाम हमें प्राय: देखने को मिलते हैं। उनके विचारों और कार्यों को निरंतरता देना हम सबका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन द्वारा राष्ट्रसेवी स्व. शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। पोलायकलां में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पोलायकलां में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर स्थानीय स्तर पर की गई सराहनीय पहल है। विभिन्न स्वास्थ्य जाँचों से लोग अपनी बीमारियों और स्वास्थ्य की स्थिति से अवगत होंगे और आवश्यक सावधानियां बरतने तथा उपचार के लिए समय रहते प्रयास करेंगे। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विस्तार आवश्यक है। राज्य सरकार चिकित्सा सुविधा का निरंतर विस्तार कर रही है। प्रदेश में कई स्थानों पर चिकित्सालय और चिकित्सा महाविद्यालय आरंभ किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि अब लोगों को इलाज के लिए राज्य के बाहर नहीं जाना पड़ रहा है। जनसामान्य को आयुष्मान योजना से भी बहुत लाभ हुआ है।