किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की खुशहाली का आधार, किसानों को नहीं होने देंगे कोई कष्ट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंचित कृषि ही किसानों के घर-द्वार में समृद्धि लाती है। खेतों तक पानी पहुंचने से केवल सिंचाई की सुविधा ही नहीं मिलती, वरन् यह किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही मध्यप्रदेश की खुशहाली का आधार है। हम किसानों को हर संभव तरीके से सुविधा सम्पन्न बनाएंगे, किसानों के जीवन में कोई कष्ट नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेत तक पानी, किसान के चेहरे पर मुस्कान और गांव-गांव में समृद्धि, यही विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का हमारा संकल्प है। हमारी सरकार प्रदेश के हर खेत को सिंचित बनाने और हर किसान की समृद्धि के लिए प्राण-पण से काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सीहोर जिले की बुधनी क्षेत्र के भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 एवं फेज-2 का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस सिंचाई परियोजना सहित सीहोर जिले को कुल 577.67 करोड रूपए की लागत के 19 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 575 करोड़ से अधिक की लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण और 2.61 करोड़ की लागत के 10 विकास कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के जीवन में नया सवेरा लेकर आई है। अब नर्मदा का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन के जरिए सीधे खेतों तक पहुंचेगा। इससे पानी अधिकतम उपयोग हो सकेगा और किसान स्प्रिंकलर एवं ड्रिप इरीगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। किसानों के खेत अब सोना उगलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि उत्पादन और किसानों की खुशहाली को नई गति देगा।