कहीं पाक जासूस तो नहीं सीमा हैदर..? क्या है सचिन से इश्क के पीछे की सच्चाई... खंगालने में जुटी एटीएस
2023-07-17 05:53 PM
312
दिल्ली। पहले से शादीशुदा पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर, पति और बच्चों को छोड़कर छिपते—छिपाते नेपाल के रास्ते भारत क्यों दाखिल हुई। जिस सचिन से इश्क की बात हो रही है, महज सोशल मीडिया के जरिए इतना लगाव कैसे हो गया, जो अपने परिवार और मुल्क को छोड़कर भारत चली आई... कई ऐसे सवाल हैं, जिसने सीमा हैदर को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उस पर पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप मढ़ दिया है।
यूपी एटीएस की टीम ने पाकिस्तानी निवासी सीमा हैदर को हिरासत में ले लिया और गुप्त स्थान पर सीमा हैदर से एटीएस ने पूछताछ शुरू कर दी है। सीमा हैदर शुरू से ही एटीएस के राडार पर थी, वह नेपाल के रास्ते अपने प्रेमी सचिन से मिलने भारत आई। अब एटीएस की टीम व्हाट्सएप चैट और तमाम सबूतों के आधार पर आगे की पूछताछ करेगी।
पाक सेना से कनेक्शन
सीमा के आईडी कार्ड हाई कमीशन भेजे गए हैं और पता चला है कि सीमा के चाचा पाकिस्तान आर्मी में सूबेदार और सीमा का भाई पाकिस्तानी सैनिक है। सीमा से अभी भारत की सुरक्षा एजेंसी पूछताछ करेंगी। प्रेम कहानी से लेकर भारत में आने तक के सभी पहलुओं पर पूछताछ हो रही है। यूपी पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने कहा कि सीमा एक पाकिस्तानी नागरिक है और उसके आने में बहुत सारे पेंच हैं। ऐसे में उससे पूछताछ लाजिमी है, इसलिए देश की सुरक्षा में लगी ऐसी सभी एजेंसी उससे पूछताछ करेंगी।