अपने पुराने सरकारी आवास लौटेंगे राहुल गांधी... सदस्यता बहाल होने के बाद बंगला वापसी पर लगी मुहर
2023-08-08 03:30 PM
255
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए सोमवार के बाद मंगलवार भी सौभाग्यशाली साबित हुआ। सोमवार को जहां लोकसभा में उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई, तो मंगलवार को उन्हें वही बंगला एक बार फिर आवंटित कर दिया गया, जिसमें राहुल गांधी सालों से रह रहे थे। हालांकि राहुल अपने पुराने सरकारी आवास में शिफ्ट कब होंगे, यह तय नहीं हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि सूरत जिला कोर्ट ने मोदी सरनेम के खिलाफ विवादित टिप्पणी मामले में राहुल को दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। वहीं वे जिस सरकारी आवास 12 तुगलक लेन में सालों से निवासरत थे, उसे खाली कराने का फरमान जारी कर दिया गया था।
निर्धारित समय के भीतर राहुल ने सरकार आवास खाली कर दिया और सोनिया गांधी के साथ उनके आवास चले गए थे। वहीं सुप्रीम कोर्ट के सजा में रोक लगाए जाने के बाद अब राहुल गांधी की सदस्यता बहाल हो गई है, तो अब उन्हें वही बंगला एक बार फिर आवंटित करने का भी आदेश जारी कर दिया गया है।