टमाटर के बाद अब... रसोई से नदारद होने की कगार पर प्याज... कीमतों में लग रही आग
2023-08-09 06:33 PM
589
देश में टमाटर बीते करीब दो माह से 150 रुपए किलो बिक रहा है। जिन घरों में टमाटर रखे—रखे सड़ जाया करते थे, वही अब एक पाव तक नहीं खरीद रहे हैं। देश के अलग—अलग हिस्सों में टमाटर की कीमतें भी अलग हैं। कीमतें कम तक सामान्य हो पाएंगी, इस बात को लेकर किसी तरह के संकेत नहीं मिल रहे हैं। इस बीच अब प्याज को लेकर खबर सामने आ रही है। बाजार में प्याज की कीमतों में उछाल आने लगा है, जो लोगों के बजट से बाहर जा रहा है।
हाल के दिनों में प्याज की कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। जो प्याज 20 से 25 रुपए किलो तक बिक रहा था, उसकी कीमत अब 50 से 60 रुपए हो गई है, वहीं अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि आवक में फिलहाल सुधार की कोई गुंजाइश नहीं है, ऐसे में प्याज की कीमत 80 रुपए के पार भी जा सकती है।
आलू, टमाटर, प्याज, मिर्च, धनिया और अदरक रोजमर्रा में उपयोग किए जाने वाली तरकारी है, लेकिन इन सभी की कीमतों में बढ़त ने लोगों का ना केवल जायका बिगाड़ दिया है, बल्कि बजट भी बुरी तरह से बिगड़ गया है। टमाटर जहां लोगों की रसोई से नदारद है, तो अब प्याज भी गायब होने की कगार पर पहुंच गया है। ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़नी स्वाभाविक है।