नाइट क्लब में DIG की शर्मनाक करतूत... महिला ने जड़ा थप्पड़... सीएम ने सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
2023-08-10 09:54 AM
416
गोवा। गोवा के एक नाइट क्लब में आईपीएस अफसर को अपनी शर्मनाक करतूत की वजह से मुंह की खानी पड़ गई है। गोवा के डीआईजी आईपीएस अधिकारी Doctor A Koan पर एक पब में एक महिला से बदसलूकी का आरोप है, जिस पर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। घटना गोवा के बागा-कैलेंगुट बीच स्थित एक नाइट क्लब की है।
खबर के मुताबिक सोमवार देर रात डीआईजी Doctor A Koan नाइट क्लब पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने शराब पी रखी थी। इस दौरान उनकी एक महिला से कहासुनी हो गई। महिला ने डीआईजी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद क्लब में हंगामा हो गया। ये भी पता चला है कि आईपीएस अधिकारी मेडिकल लीव पर थे। जिसकी वजह से सवाल खड़ा हो गया है कि फिर वे शराब पीकर क्लब में क्या कर रहे थे?
बताया जा रहा है कि यह क्लब गोवा के किसी बड़े राजनेता के करीबी का है। लिहाजा इसकी सूचना गोवा के सीएम प्रमोद सावंत तक पहुंच गई। अभी गोवा में विधानसभा सेशन भी चल रहा है। जिसकी वजह से मामला विधानसभा में भी उठा।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को सदन को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस मामले में गोवा पुलिस विभाग ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। गोवा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें वो महिला के साथ अभद्रता करते हुए नजर आए। बता दें, डीआईजी आईपीएस अधिकारी Doctor A Koan दिल्ली पुलिस में भी DCP के पद पर रह चुके हैं।