BIG NEWS : भारत से बोरिया—बिस्तर समेटने की तैयारी में ट्विटर... दो दफ्तर बंद करने का ऐलान... तीसरे में केवल 3 कर्मचारी बचे
2023-02-17 01:49 PM
179
दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर भारत से बोरिया—बिस्तर समेटने की तैयारी में नजर आ रहा है। भारत में ट्विटर ने तीन दफ्तर स्थापित किए थे, जिसमें दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से संचालित किया जा रहा था, पर अब दिल्ली और मुंबई के दफ्तरों को पूरी तरह से बंद किए जाने का ऐलान कर दिया गया है। इसके बाद एकमात्र दफ्तर जो बेंगलुरु में है, वह संचालित होता रहेगा। चौंकानें वाली बात यह है कि इस दफ्तर में भी केवल 3 एम्प्लॉई ही कार्यरत हैं, जिन्हें भी वर्क फ्रॉम होम के निर्देश हैं।
ब्लूमबर्ग न्यूज ने इसे लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की है। इसमें बताया गया कि जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो उन्हें घर भेज दिया गया। CNBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विटर की इंडियन टीम में अब केवल 3 एम्प्लॉई बचे हैं। बता दें कि इससे पहले नवंबर में ऐलन मस्क ने भारत में अपने 90% (करीब 200) स्टॉफ को हटा दिया था। एलन मस्क ट्विटर की फाइनेंशियल हेल्थ को सुधारने के लिए लगातार कॉस्ट कटिंग कर रहे हैं। कर्मचारियों की छंटनी के साथ वो दुनियाभर में अपने ऑफिसेज को भी बंद कर रहे हैं।
भारत में अब सिर्फ तीन कर्मचारी
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विटर की इंडिया टीम में जो 3 कर्मचारी बचे हैं, उनमें से एक कंट्री लीडर है। अन्य दो में से एक के पास नॉर्थ एंड ईस्ट और एक के पास साउथ एंड वेस्ट रीजन की जिम्मेदारी है। ये सभी वर्क फ्रॉम होम पर रहेंगे। वहीं, बेंगलुरु ऑफिस में वे कर्मचारी काम करेंगे जो सीधे अमेरिका ऑफिस में रिपोर्ट करते हैं और इंडिया टीम का हिस्सा नहीं हैं। मस्क 2023 के अंत तक ट्विटर को फाइनेंशियल रूप से मजबूत करना चाहते हैं। उन्होंने रेवेन्यू बढ़ाने के लिए ब्लू सब्सक्रिप्शन जैसी कुछ सर्विस को मॉडिफाई भी किया है। भारत में इस सर्विस का मंथली सब्सक्रिप्शन 650 रुपए है।