हमीदिया महाविद्यालय के अमृत महोत्सव में जुटे वर्ष 1946 से 2023 तक के विद्यार्थी
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय भोपाल की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव 2023 में महाविद्यालय का अत्याधुनिक विशाल सर्व सुविधायुक्त भवन बनाने और विदयार्थियों की आवश्यकता के अनुसार नए संकाय खोलने की घोषणा की। श्री चौहान ने कहा कि भवन निर्माण के स्थान के निर्धारण के बाद एप्रोच रोड और अन्य कार्य भी किए जाएंगे। पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के सुझावों पर जरूरी कदम उठाएंगे और कलेक्टर भोपाल, उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों से समन्वय कर इन कार्यों को पूरा कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने अमृत महोत्सव 2023 को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के समक्ष यह विकल्प होता है कि वह या तो सामान्य जीवन जिये या देश और समाज के लिए बेहतर कार्य कर महान बनने का प्रयास करे। औरों के लिए जीना उपयोगी जीवन है। जीता वही है जो देश और समाज के लिए जीता है। स्वामी विवेकानंद ने यही प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सीनियर होने के नाते अपने जूनियर्स को यही संदेश देना चाहता हूँ कि जीवन में कुछ बड़ा और बेहतर करने की सोचें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज में सभी प्रेम से मिलते हैं। आज इस महाविद्यालय के परिसर में आकर अनेक यादें ताजा हो रही हैं। ऐसा लगता है दौड़ कर जाएं और दोस्तों से गले लग जाएं। श्री चौहान ने बताया वे साइकिल से कॉलेज जाते थे। पहले सेफिया कॉलेज जाते थे बाद में हमीदिया। इस महाविद्यालय से अनेक हस्तियां निकली हैं, जिनमें भारत के राष्ट्रपति रहे डॉ. शंकर दयाल शर्मा भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने संबोधन के प्रारंभ में गीत भी सुनाया "अहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तों, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों...। मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व विद्यार्थियों और साथियों की फरमाइश पर - "नदिया चले, चले रे धारा, तुझको चलना होगा..." गीत भी सुनाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उन्हें भेंट किया गया वर्ष 1978 का फोटो भी देखा और यादें ताजा कीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री रमेश शर्मा "गुट्टू भैया" को भी याद किया। न्यू मार्केट में समता चौक और लिटिल कॉफी हाउस में मित्रों के साथ मिलने-जुलने और चर्चा के दौर चलते थे।