देश-विदेश

महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस ने ली शपथ... प्रदेश के 22 वें राज्यपाल के तौर पर देंगे सेवाएं

मुंबई, पीटीआई। रमेश बैस ने शनिवार को भगत सिंह कोश्यारी की जगह महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली। बैस को यहां राजभवन में बॉम्बे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस वी गंगापुरवाला ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले राज्यपाल बैस झारखंड के राज्यपाल के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। 

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी रहे मौजूद
 
रमेश बैस ने मराठी में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे। शपथ ग्रहण करने के बाद बैस ने अपना पदभार संभाल लिया।

भगत सिंह कोश्यारी, जिन्होंने सितंबर 2019 से महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्य किया, ने विवादास्पद कार्यकाल के बाद पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया। इससे पहले, शुक्रवार को कोश्यारी को मुंबई राजभवन से विदाई दी गई। इस मौके पर राजभवन के स्टाफ और उनके परिजनों की पलकें भीगी हुई थीं। राजभवन के स्टाफ की ओर से गुरुवार को उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद नौसेना ने गार्ड ऑफ आनर दिया। 

----------