विधायक के ससुराल वालों ने... सरेराह शिक्षक की जमकर की पिटाई... अपनी धौंस दिखाने वायरल किया वीडियो
2023-08-22 01:01 PM
317
रीवा में एक सरकारी टीचर को दो युवकों ने बुरी तरह पीट दिया। बीच रोड पर टीचर पर डंडे बरसाए। दोनों युवक BJP विधायक श्यामलाल द्विवेदी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मामला जिले के चाकघाट थाना इलाके का है। घटना 3 महीने पुरानी है। आरोपी ने अपनी धमक और धौंस दिखाने के लिए मारपीट का VIDEO वायरल किया है।
पुलिस ने FIR कर आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। टीचर का कहना है कि स्कूल आरोपियों के गांव बसहट से होकर जाना पड़ता है। इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। डर है कि वे दोबारा हमला न कर दें।
श्यामलाल द्विवेदी रीवा की त्योंथर विधानसभा से विधायक हैं। बसहट में उनकी ससुराल है। गांव के एक शख्स ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि घटना 15 अप्रैल की है। विधायक के साले राजेंद्र पांडेय के बेटे रतन पांडेय (24) और रामाचार्य पांडेय के बेटे पीयूष पांडेय (25) रास्ते में नशाखोरी कर रहे थे। रोड से हर आने-जाने वाले राहगीर को परेशान कर रहे थे।
UP से MP पढ़ाने आते हैं शिक्षक
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर सौनौरी के शिक्षक विनोद पांडेय (45) कोलसरा (जिला प्रयागराज उत्तरप्रदेश) के रहने वाले हैं। घटना वाले दिन उन्होंने दोनों युवकों को डांटकर रोड से साइड होने को कहा। नशाखोरी को गलत बताया। यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी।