खुदाई में मिले दो अलग रंगों के शिवलिंग... भोसले कालीन होने का अनुमान... श्रावण मास में मिलने से बढ़ा विश्वास
2023-08-31 12:17 PM
567
चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में नेरी गांव के पास आश्चर्यजनक घटना हुई। गांव के प्रसिद्ध शिवमंदिर के पास खुदाई का काम जारी था, तभी वहां से दो अलग—अलग रंगों का शिवलिंग निकल आया। एक शिवलिंग काला है, तो दूसरा सफेद। श्रावण मास में शिवमंदिर के पास से दो शिवलिंग का बाहर आना, लोगों के लिए श्रद्धा का कारण बन गया है। पूरे इलाके में जहां खुशी की लहर है, वहीं शिवलिंग की पूजा—अर्चना भी शुरु हो गई है।
पूरा मामला चंद्रपुर जिले के चीमूर तहसील में स्थित नेरी गांव का है, जहां 30 अगस्त को नेरी गांव के प्रसिद्ध शिव मंदिर के पास खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दो शिवलिंग मिले जिसमें एक काले पत्थर का और दूसरा सफेद पत्थर से बना हुआ है। इतिहासविद अशोक सिंह ठाकुर के मुताबिक यह दोनों शिवलिंग 18वें सदी के मराठा कालीन शिवलिंग है। इसका निर्माण भोसले के शासनकाल के दौरान हुआ होगा यानी यह 18वीं शताब्दी के शिवलिंग हैं। बताया जा रहा है कि उस समय भोसले शासन काल का समय था।
इतिहासविद अशोक ठाकुर कहते हैं कि उस समय के भक्तों ने कुछ मन्नतें मांगी होंगी और उनकी मनोकामना पूरी होने पर उन्होंने इस शिवलिंग का निर्माण कर उसे समर्पित किया होगा। चंद्रपुर जिले के कुछ हिस्सों में सफेद और काले पत्थर पाए जाते हैं। उन्हीं पत्थरों से यह शिवलिंग बनाए गए हैं। श्रावण मास में मिले इन दो शिवलिंगों के कारण लोगों की आस्था और भी बढ़ गई है। उनका कहना है कि वैसे तो चंद्रपुर जिला एक ऐतिहासिक जिला के तौर पर जाना जाता है, लेकिन अब पुरातन शिवलिंग मिलने के बाद चंद्रपुर के इतिहास में अब और भी पन्ने जुड़ गए हैं।