अल्पवर्षा की चुनौतियों से निपटने सरकार तैयार... मुख्यमंत्री ने महाकाल मंदिर में किया महारूद्र अनुष्ठान
भोपाल। अल्पवर्षा के कारण प्रदेश में खरीफ फसलों के बचाने, बिजली की बढ़ती मांग, ग्रामीण युवाओं को रोजगार देने और पेयजल की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से जारी रखने की संभावित चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश में समुचित जल-वृष्टि के लिये मुख्यमंत्री ने उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर मन्दिर में महारूद्र अनुष्ठान किया। अनुष्ठान में 1331 रूद्र पाठ किये गये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अगस्त माह में वर्षा बहुत कम हुई है। अल्पवर्षा के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं। खरीफ की फसलें संकट में हैं। इस संकट की स्थिति से निपटने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है। इसके लिए बेहतर व्यवस्था भी करेंगे । डेम से पानी छोड़कर फसलों को बचाया जाएगा । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को रोजगार देने की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाता रहेगा। पेयजल और निस्तार के पानी की व्यवस्था करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल उपयोगिता समिति की बैठक जल्द कर लें। जहां पानी उपलब्ध है वहां डेम से पानी छोड़ने की व्यवस्था करें। डेमों का परीक्षण कर लें। डेमों में अभी कितना पानी उपलब्ध है, इसकी जानकारी भी लें। जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। किसानों को सिंचाई के संबंध में एडवाइजरी जारी करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बिजली की बेहतर व्यवस्था करें।