देश-विदेश

दक्षिणी फिलीपींस में भूकंप से धरती कांपी, आधा दर्जन लोगों की मौत

डेस्क। दक्षिणी फिलीपींस में भयावह भूकंप के झटके आने से आधा दर्जन लोगों के मरने की खबर है। भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई है। इस भूकंप से कई घर तबाह हो गए हैं। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। वहीं कई सड़कें क्षतिग्रस्त होने की खबर है।

स्थानीय प्रशासन मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही है। उनके निकालने में लगा हुआ है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को भूकंप मिंडानाओ द्वीप पर 60 किमी (37 मील) की गहराई में आया।

दक्षिण कोटाबेटो प्रांत में जनरल सैंटोस सिटी के आपदा कार्यालय प्रमुख एग्रीपिनो डेसेरा ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को जानकारी दी है कि तीन लोगों के मारे जाने की सूचना है।  कंक्रीट की दीवार गिरने से 1 आदमी और उसकी पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं 1 अन्य महिला की शॉपिंग मॉल में मौत हो गई।

फिलीपींस के तटीय शहर ग्लेन में आपदा अधिकारी एंजेल डुगाडुगा ने जानकारी दी है कि सारंगानी प्रांत में भूकंप के केंद्र के पास करीब 2 दो लोगों की मौत हो गई, वहीं बचावकर्मी भूस्खलन के बाद लापता 2 अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं। ऑक्सिडेंटल प्रांत में एक 78 वर्षीय व्यक्ति की चट्टान से कुचल जाने के बाद मौत हो गई। यहां भी मलबे में दबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है। भूकंप की तीव्रता को देखते हुए यह माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है ।

मिली जानकारी के मुताबिक, कई इलाकों में अभी भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि अधिकांश सड़कों को क्षति नहीं पहुंची है।  बता दें कि फिलीपींस प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" के क्षेत्र में स्थिति है और यहां ज्वालामुखीय गतिविधि और भूकंप सामान्य बात है।

 

----------