भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत करने हुई द्विपक्षीय बैठक
नईदिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टोड मैक्ले के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत करना और आपसी विकास और सहयोग के अवसर तलाश करना था।
दोनों मंत्रियों ने व्यापार सुविधा के महत्व को पहचाना और व्यापार प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, व्यापार बाधाओं को कम करने और दोनों देशों के व्यवसायों और निवेशकों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की। इस संदर्भ में, न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री मैक्ले ने भारत में लकड़ी के लट्ठों के निर्यात से संबंधित मुद्दे को सुलझाने के लिए भारत द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जी-20 की भारत की अध्यक्षता और उसके परिणामों की भी सराहना की, जो महत्वपूर्ण मील के पत्थर हैं, क्योंकि यह सभी के लाभ के लिए व्यावहारिक वैश्विक समाधान ढूंढना चाहता है।
गोयल और मैक्ले ने आपसी विश्वास और सम्मान के आधार पर बने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को स्वीकार किया और द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के लिए अपनी-अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कृषि, वानिकी, फार्मा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में जुड़ाव को गहरा करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
गोयल और मैक्ले ने दोनों देशों में व्यवसायों के बीच जुड़ाव में मजबूत संबंधों को स्वीकार किया और इसको सुनिश्चित करने की आवश्यकता दोनों देशों की सरकारों के बीच संवाद को गति प्रदान करती है। दोनों मंत्रियों की बैठक के दौरान, 1986 के भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते के तहत स्थापित संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) की वार्षिक बैठक और वरिष्ठ स्तर पर नियमित जुड़ाव के महत्व को भी स्वीकार किया गया। मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि व्यापार और निवेश के मुद्दों तथा सहकारी गतिविधियों पर द्विपक्षीय चर्चा के लिए दोनों पक्षों को सुविधाजनक और नियमित आधार पर मिलना चाहिए।